मोदी मंत्रिमंडल (Modi Cabinet) में बड़े फेरबदल से कुछ घंटे पहले ही केंद्रीय स्वास्थ्यमंत्री डॉ हर्षवर्धन (Dr. Harsh Vardhan) ने इस्तीफा दे दिया. इसे लेकर पूर्व वित्तमंत्री और कांग्रेस के नेता पी चिदंबरम (P Chidambaram) ने मोदी सरकार पर कटाक्ष किया है. उन्होंने ट्वीट किया है कि केंद्रीय स्वास्थ्यमंत्री का इस्तीफा देना स्पष्ट रूप से ये स्वीकार करना है कि मोदी सरकार कोरोना महामारी के दौरान प्रबंधन में पूरी तरह तरह फेल रही. दूसरे ट्वीट में उन्होंने कहा कि ये इस्तीफे पूरी तरह से मंत्रियों के लिए सबक है. अगर चीजें सही होती हैं तो श्रेय पीएम को जाता है, अगर चीजें गलत हुईं तो इसका जिम्मेदार मंत्री ही होता है.
वहीं, कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने ट्वीट कर कहा, ''जिस महामारी का प्रबंधन “नेशनल डिज़ास्टर मैनेजमेंट अथॉरिटी” के माध्यम से किया जा रहा है, उसके चेयरमैन प्रधानमंत्री स्वयं हैं. क्या वे भी अपने गैर ज़िम्मेदाराना व्यवहार की ज़िम्मेदारी लेंगे? इस्तीफ़ा देंगे? या अकेले स्वास्थ्य मंत्री को बलि का बकरा बना अपना पल्ला झाड़ लेंगे ?''