उत्तराखंड के चमोली जिले में आई बाढ़ में मरने वालों की संख्या मंगलवार को 31 तक पहुंच गई. वहीं, एनटीपीसी की तपोवन-विष्णुगाड जलविद्युत परियोजना की सुरंग में अब भी करीब चालीस लोग फंसे हैं. जिन्हें बाहर निकालने के लिए सेना समेत कई एजेंसियों का संयुक्त बचाव और राहत अभियान युद्धस्तर पर जारी है. केंद्रीय ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने बताया कि एनटीपीसी के 93 कर्मचारी अब भी लापता हैं, करीब 40 सुरंग में फंसे हैं. इसके साथ ही आरके सिंह ने मृतक कर्मचारियों के परिजनों को 20-20 लाख की आर्थिक मदद देने का भी ऐलान किया.