कोरोना वैक्सीन की कीमतों को लेकर विपक्ष के निशाने पर आए केंद्र सरकार ने अब वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों से कोविड-19 टीकों की कीमत कम करने को कहा है. न्यूज़ एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है. रिपोर्ट के मुताबिक सरकार ने देश में एक मई से 18 साल से अधिक उम्र के सभी लोगों के लिए टीकाकरण शुरू होने के पहले सीरम इंस्टीट्यूट और भारत बायोटेक से कोविड-19 टीकों की कीमत कम करने को कहा है. बता दें कि अब एक मई से 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों को वैक्सीन लगाई जानी है. इसके लिए कंपनियों ने वैक्सीन की अलग-अलग कीमतें तय की हैं, सीरम जहां राज्य सरकार को एक डोज 400 रुपये में देगी तो वहीं प्राइवेट अस्पतालों में यह कीमत 600 रुपये होगी. उधर, पिछले दिनों भारत बायोटेक ने भी कीमत का ऐलान कर दिया. कोवैक्सीन की प्रति डोज प्राइवेट अस्पतालों को 1200 रुपये और राज्य सरकारों को 600 रुपये में दी जाएगी. जबकि केंद्र सरकार को अभी एक डोज सिर्फ 150 रुपये में पड़ रही है. वहीं वैक्सीन की कीमतों का ऐलान किए जाने के बाद से ही विपक्षी दल लगातार केंद्र सरकार पर अलग-अलग दामों को लेकर हमला बोल रहे हैं, विपक्ष की मांग है कि वैक्सीन के दामों को एक रखा जाए.