क्या आपने कभी सुना है कि एक बिल्ली ने फ्लाइट को हाईजैक कर लिया हो, और एक बिल्ली की वजह से प्लेन की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी हो, यकीनन नहीं सुना होगा, तो अब सुन लीजिए. ऐसा हुआ है सूडान की राजधानी खार्तूम में, जहां से उड़ान भरने के थोड़ी देर बाद विमान की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ गई. हुआ यूं कि एक बिल्ली पहले से फ्लाइट में घुसी हुई थी. खार्तूम इंटरनेशनल एयरपोर्ट से टेक-ऑफ के करीबन एक घंटे बाद अचानक बिल्ली कॉकपिट में घुस गई और पायलट पर हमला बोल दिया. बिल्ली बेहद डरी हुई थी जिस वजह से वो काफी आक्रमक हो गई थी. हालांकि केबिन क्रू के सदस्यों ने बिल्ली को काबू करने की काफी कोशिश की, लेकिन नाकाम रहे. आखिरकार सूडान की तारको एयरलाइंस की इस कमर्शियल फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी. ये फ्लाइट कतर की राजधानी दोहा जा रही थी. अब इस बात की जांच की जा रही है कि आखिर बिल्ली फ्लाइट में कैसे आई.