ब्रिटेन के प्रधानमंत्री बोरिस जॉनसन (Boris Johnson) अगले साल अपनी मंगेतर कैरी साइमंड्स (Carrie Symonds) के साथ शादी के बंधन में बंध जाएंगे. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जॉनसन और साइमंड्स 30 जुलाई 2022 को शादी करने वाले हैं. दोनों ने अपने दोस्तों और परिवार के सदस्यों को शादी का न्योता भेज दिया है. हालांकि वेडिंग डेस्टिनेशन का खुलासा अभी नहीं किया गया है. फरवरी 2020 में, जॉनसन और उनकी प्रेमिका कैरी साइमंड्स ने सगाई की थी.
2019 में प्रधानमंत्री बनने के बाद से जॉनसन और साइमंड्स डाउनिंग स्ट्रीट में साथ में रह रहे हैं. दोनों का एक बेटा भी है जिसका नाम विल्फ्रेड लॉरी निकोलस जॉनसन है. बता दें कि बोरिस जॉनसन की उम्र 56 साल है जबकि उनकी मंगेतर की उम्र 33 साल है.