प्रोटीन शरीर के लिए सबसे जरूरी पोषक तत्व है. ये शरीर को रिपेयर और रिप्लेनिश करने के साथ एनर्जी को बढ़ाने, शरीर को ऑक्सीडेट करने और मसल्स बनाने में भी मदद करता है.
लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि प्रोटीन लेने का सही समय कौन सा होता है?
जापान के वैज्ञानिकों से आपको इस सवाल का जवाब मिल सकता है. टोक्यो की वसेदा यूनिवर्सिटी के रिसर्चर्स का मानना है कि दिन की शुरुआत में प्रोटीन खाने से मसल ग्रोथ ज़्यादा अच्छे से हो सकती है.
सेल रिपोर्ट्स नाम के जर्नल में छपी इस रिसर्च के अनुसार, टीम ने पाया कि ज़्यादातर लोग ब्रेकफास्ट में 15 ग्राम प्रोटीन और डिनर में लगभग 23 ग्राम प्रोटीन का सेवन करते हैं लेकिन ऐसा देखा गया गया है कि इस तरीके को उल्टा कर देने पर प्रोटीन खाने के ज़्यादा फायदे मिल सकते हैं.
इस रिसर्च के दौरान तीन तरीकों से ट्रायल किये गए. पहले दो लेवल के ट्रायल दो अलग अलग तरीकों के चूहों पर किये गए और तीसरा और फ़ाइनल ट्रायल 60 उम्रदराज़ महिलाओं पर किया गया जिसमें से 30 महिलाओं को ब्रेकफास्ट के दौरान ज़्यादा प्रोटीन खिलाया गया और 30 को डिनर के वक़्त. इस दौरान स्वास्थ्य से जुड़े बाकी सभी पैरामीटर्स तो एक जैसे रहे लेकिन ये देखा गया कि जिन लोगों ने ब्रेकफास्ट में ज़्यादा प्रोटीन लिया उनमें मसल मास इंडेक्स और ग्रिप स्ट्रेंथ ज़्यादा देखने को मिली.
इसलिए अगर आप सुबह के वक़्त ज़्यादा प्रोटीन अपनी डाइट में शामिल करते हैं तो ये आपके लिए फायदेमेंद हो सकता है. आप अपने दिन की शुरुआत एग वाइट, नट बटर या प्रोटीन बार्स से कर सकते हैं.