ब्लड प्रेशर और दिल की बीमारी को लेकर हाल ही में हुई स्टडी में खुलासा हुआ है कि जिन लोगों का ब्लड ग्रुप 'O' नहीं है, उनमें दिल की बीमारियां होने का खतरा अधिक हो सकता है. अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन (AHA) के 'मेडिकल जर्नल्स आर्टेरियोस्क्लोरोसिस, थ्रोम्बोसिस और वैस्कुलर बायोलॉजी' में छपी स्टडी में बताया गया है कि O ब्लड ग्रुप वालों की तुलना में A या B ब्लड ग्रुप वाले के लोगों में हार्ट अटैक का खतरा 8% ज्यादा होता है. रिसर्चर्स ने इसके लिए 40 हजार से अधिक लोगों पर स्टडी की. उनके मुताबिक दूसरे ब्लड ग्रुप्स में खून को थक्का बनाने वाले प्रोटीन का कंसंट्रेशन ज्यादा होता है. इसीलिए B ब्लड ग्रुप वालों में O की तुलना में 15 प्रतिशत, जबकि ब्लड टाइप A वालों में हार्ट अटैक का खतरा 11 प्रतिशत अधिक होता है. ब्लड टाइप और हार्ट अटैक के बीच संबंध को बताने वाली ये पहली स्टडी नहीं है. इससे पहले ब्लड ग्रुप को लेकर 2017 में करीब 13 लाख लोगों पर स्टडी की गई थी जिसमें पाया गया था नॉन O ब्लड ग्रुप वाले लोगों को हार्ट अटैक समेत दिल की बीमारियों का खतरा 9% ज्यादा है.