पुलिस को बहुत से पावर देने वाला बिल बिहार विधानसभा (Bihar Vidhan Sabha) से पास करवाने और उस दौरान विपक्षी विधायकों को पीटे जाने के खिलाफ बुधवार को विपक्षी नेताओं ने सदन का बहिष्कार किया और विधानसभा के बाहर धरने पर बैठे रहे. मंगलवार की घटना को बिहार में लोकतंत्र का काला दिन बताते हुए विपक्षी विधायकों ने कहा है कि जबतक मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) माफी नहीं मांगते और विधायकों के साथ बदसलूकी और मारपीट करने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती वे सदन का बहिष्कार करेंगे, और अगर ऐसा नहीं होता है तो पूरे 5 साल वो सदन का बहिष्कार करेंगे. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि नीतीश कुमार के इशारे पर विधायकों को लात-घूसे से पीटा गया, महिला विधायकों के साथ बदसलूकी हुई. तेजस्वी बोले कि नीतीश जी ये जान लें कि कोई भी कुर्सी पर परमानेंट नहीं बैठने वाला.
वहीं इससे पहले बुधवार सुबह 'बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस विधेयक 2021' के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने पर RJD नेताओं तेजस्वी यादव (Tejashwi Yadav), तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) और दूसरे विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की गई है.