उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के आगरा (Agra) में पारस अस्पताल (Paras Hospital) में ऑक्सीजन के मॉक ड्रिल (oxygen mock drill) और ऑक्सीजन की कमी से कथित तौर पर 22 लोगों की मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी (Priyanka Gandhi) ने पूरी घटना को लेकर उत्तर प्रदेश की योगी सरकार (Yogi Government) पर निशाना साधा है. राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा कि इस अपराध में शामिल सभी लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होनी चाहिए. राहुल गांधी ने साथ ही लिखा कि भाजपा शासन में ऑक्सीन और मानवता दोनों की भारी कमी है.
वहीं, प्रियंका गांधी ने भी उस वायरल वीडियो को ट्वीट कर पूछा है कि ऐसी घटना के लिए जिम्मेदार कौन है? प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर लिखा कि प्रधानमंत्री कहते हैं कि उन्होंने ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं होने दी. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी कहते हैं कि ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं और ऐसी अफवाह फैलाने वालों की संपत्ति जब्त होगी. मंत्री कहते हैं कि “मरीजों को जरूरत भर ऑक्सीजन दें, ज्यादा ऑक्सीजन न दें.” जबकि आगरा अस्पताल कहता है कि ऑक्सीजन खत्म थी. ऐसे में 22 लोगों की मौत का जिम्मेदार कौन है?
बता दें कि उत्तर प्रदेश के आगरा में एक अस्पताल ने 26 अप्रैल को ऑक्सीजन बंद करके मॉक ड्रिल किया गया ताकि यह पता लगाया जा सके कि कितने मरीज गंभीर हैं. इस मॉक ड्रिल के दौरान 22 मरीजों की मौत हो गई थी. इससे संबंधित कुछ वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं, जिसमें अस्पताल के संचालक ऑक्सीजन की कमी की बात करते हुए मॉकड्रिल की बात कबूल रहे हैंं.