कोरोना वायरस (Coronavirus) देश को लगातार अपनी ज़द में जकड़े हुए है. 6 दिन बाद फिर 40 हजार से ज्यादा केस दर्ज किए गए हैं.
गुरूवार को आए केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, देश में पिछले 24 घंटे में 41,195 नए COVID-19 केस दर्ज किए गए हैं. जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 3 करोड़ 20 लाख 77 हजार को पार कर गई. जबकि बीते 24 घंटे में 490 कोरोना संक्रमितों की जान गई है.
वहीं अब तक कुल 4,29,669 लोगों की वायरस की वजह से मौत हुई है. देश में एक्टिव केस फिलहाल 3,87,987 हैं, जो कुल मामलों का 1.21 प्रतिशत है. जबकि अब तक कुल 3,12,60,050 लोग कोरोना से लड़कर जीतने में कामयाब रहे हैं.
फिलहाल, रिकवरी रेट 97.45 फीसद चल रहा है, जो अब तक का सर्वाधिक रिकवरी रेट है. देश में चल रहे व्यापक टीकाकरण अभियान के तहत अब तक लोगों को वैक्सीन की 52.36 करोड़ डोज लगाई जा चुकी है. इसमें पिछले 24 घंटे में दी गई 44,19,627 खुराकें भी शामिल हैं.