अमेरिकी सैनिकों के हटने के कदम के बाद से अफगानिस्तान (Afghanistan) में तालिबान का नियंत्रण बढ़ता जा रहा है. तालिबान (Taliban) ने डंके की चोट पर ऐलान किया है कि अफगानिस्तान (Afghanistan) का 85 प्रतिशत इलाका उसके कब्जे में है. स्थानीय अधिकारियों ने भी माना है कि अफगानिस्तान और ईरान (Iran) की सीमा पर व्यापार के लिहाज से अहम इस्लाम खाला कस्बा भी तालिबान के हत्थे चढ़ गया है. मॉस्को (Moscow) में शुक्रवार को तालिबान के अधिकारी शहाबुद्दीन देलावर ने देश के 85 प्रतिशत हिस्से पर कब्जे का दावा किया है. अधिकारियों ने बताया है कि इस्लाम काला के साथ-साथ तुर्कमेनिस्तान से लगा तोरघुंडी कस्बा भी तालिबान के कब्जे में चला गया है. दोनों कस्बे हेरात प्रांत में आते हैं.
बता दें कि अफगान सरकार और तालिबान का एक प्रतिनिधिमंडल मॉस्को पहुंचा है जहां पर दोनों पक्षों के बीच बातचीत होगी. माना जा रहा है कि तालिबान नेता रूस पहुंचकर पुतिन प्रशासन को यह आश्वासन देना चाहते हैं कि अगर वे सत्ता में आए तो रूस और मध्य एशिया में उसके सहयोगियों को कोई खतरा नहीं होगा.