देश आजादी के जश्न में डूबा हुआ है. 15 अगस्त को आजादी की 75वीं वर्षगांठ हर कोई अपने अंदाज में सेलिब्रेट कर रहा है. आजादी के जश्न में बड़ी-बड़ी इमारतें तिरंगे के रंगों में जगमगाती दिख रही हैं.
राजधानी दिल्ली में 75वें स्वतंत्रता दिवस के मद्देनज़र राष्ट्रपति भवन को तिरंगे के लाइटों से सजाया गया है. वहीं मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) और बृहन्मुंबई नगर निगम (BMC) की इमारते तिरंगे के रंग में रंगी नजर आ रही हैं. कुछ ऐसा ही नजारा श्रीनगर के लाल चौक पर भी देखने को मिला, यहां स्थित घंटाघर भी तिरंगे के रंग से रौशन नजर आया. इसके साथ ही जम्मू और कश्मीर के बघलियार और सलाल बांध भी राष्ट्रीय ध्वज के रंगों से जगमगा उठा है.
वहीं बात उत्तर प्रदेश की करें तो यहां विधानसभा से लेकर लखनऊ रेलवे स्टेशन को भी तिरंगे से सजा दिया गया है, जो बेहद खूबसूरत लग रहा है. आजादी का रंग देश ही नहीं विदेशों में भी देखने को मिला. स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भूटान में भारतीय दूतावास भी तिरंगा के रंग में नहाया नजर आया.