डेटा लीक के मामले में एक बार फिर से फेसबुक(Facebook) का नाम सामने आ रहा है. खबर है कि शनिवार को फेसबुक के 53 करोड़ यूजर्स का डेटा ऑनलाइन लीक(Data Breach) हो गया है. इसमें 60 लाख यूजर्स भारत के भी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक लीक हुए डेटा में मार्क जुकरबर्ग का फोन नंबर भी शामिल है. दुनिायाभर में 100 से ज्यादा देशों में फेसबुक का इस्तेमाल होता है और इस लीक से सभी प्रभावित हुए हैं. हैकर्स ने यूजर्स की ईमेल आईडी, फोन नंबर, नाम, बर्थ डेट, ईमेल एड्रेस और फेसबुक आईडी की चोरी कर सार्वजनिक की है.
फेसबुक की तरफ से कहा गया है कि लीक हुआ डेटा साल 2019 से पहले का है. हालांकि खतरा इससे भी हो सकता है. बता दें कि इससे पहले भी कई बार फेसबुक पर डेटा लीक करने के आरोप लगे हैं. वहीं दूसरी तरफ भारत में अभी डेटा सुरक्षा को लेकर कोई कानून नहीं है. इससे जुड़ा एक डेटा प्रोटेक्शन बिल लोकसभा में अटका हुआ है.