पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमत से जनता को कुछ राहत देने के लिए अब तक चार राज्य ईंधन पर टैक्स में कटौती कर चुके हैं. इसके बाद बाकी राज्यों और केंद्र सरकार पर भी इस बात का दबाव बढ़ता दिख रहा है कि पेट्रोल-डीजल पर टैक्स में कटौती लाई जाए. राजस्थान सरकार पेट्रोल-डीजल पर लगने वाले VAT में 2 फीसदी की कटौती का ऐलान कर चुकी है. चुनाव वाले माहौल के बीच पश्चिम बंगाल सरकार ने भी रविवार को पेट्रोल और डीजल पर 1-1 रुपये की कटौती की. असम सरकार ने भी पेट्रोल-डीजल पर 5-5 रुपये कम किए हैं. इसी तरह मेघालय सरकार ने भी जनता को बड़ी राहत देते हुए पेट्रोल पर टैक्स में 7.4 रुपये और डीजल पर 7.1 रुपये प्रति लीटर तक की भारी कटौती की है. दूसरी तरफ पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने संसद में दो टूक कहा कि इस मामले में केंद्र सरकार कुछ नहीं कर सकती, क्योंकि तेल की कीमतें तय करने का अधिकार अब तेल कंपनियों के पास है.