देश की आजादी के 75 साल (India at 75) पूरे होने के मौके पर भारतीय रेल देशवासियों को एक खास तोहफा देने जा रही है. खबर है कि भारतीय रेल 40 शहरों को जोड़ने के लिए अगस्त 2022 तक 10 नई वन्दे भारत ट्रेन (Vande Bharat Express) चलाएगी.
रेलमंत्री अश्विनी वैष्णव (Ashwini Vaishnav) ने भी इस प्रोजेक्ट की समीक्षा की है और इस प्रोजेक्ट में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. वहीं हैदराबाद स्थित इंजीनियरिंग फर्म 'मेधा' को 44 वन्दे भारत ट्रेनों के लिए इलेक्ट्रिक पुर्जे सप्लाय करने का कॉन्ट्रैक्ट मिला है उसे भी अपने प्रोडक्शन में तेजी लाने के लिए सूचित किया गया है ताकि अगले साल मार्च तक इस ट्रेन के 2 प्रोटोटाइप पटरी पर दौड़ाई जा सकें.
हालांकि नई वंदे भारत ट्रेनों को चलाने में थोड़ा समय लगने की भी बात कही जा रही है क्योंकि प्रोटोटाइप ट्रेन जबतक यात्रियों के साथ 1 लाख किलोमीटर का कमर्शियल रन पूरा नहीं करती तबतक ट्रेन पटरियों पर नहीं लाई जा सकती हैं. इसलिए पहले इस प्रोजेक्ट के दिसंबर 2022 या 2023 के शुरुआती दिनों में शुरू होने की रिपोर्ट्स थी.
रेलवे के अधिकारियों का अनुमान है कि अगर सभी यूनिट्स मिलकर एकसाथ काम करे तो हर महीने देश में 6 से 7 वन्दे भारत ट्रेन बनायी जा सकती है. बता दें कि वन्दे भारत 16 डिब्बों वाली एक स्वदेशी सेमी हाई स्पीड ट्रेन है. फिलहाल भारत में 2 वन्दे भारत ट्रेनें चल रही हैं पहली दिल्ली-वाराणसी और दूसरी दिल्ली-कटरा के बीच.
यह भी पढ़ें: All-Party Meet: 19 जुलाई से संसद का मानसून सत्र, मोदी सरकार ने बुलाई सर्वदलीय बैठक