ब्रिसबेन टेस्ट में 3 विकेट से ऐतिहासिक जीत दर्ज कर भारत ने ऑस्ट्रेलिया में इतिहास रच दिया और सीरीज पर 2-1 से कब्जा जमा लिया है. ये ऑस्ट्रेलिया में भारत की लगातार दूसरी सीरीज विक्ट्री है. युवा जोश से भरी टीम इंडिया को जीत के लिए 328 रनों का टारगेट मिला था जिसे टेस्ट मैच के पांचवें दिन हासिल करना कभी भी किसी भी जगह और परिस्थिती में बेहद मुश्किल होता है, लेकिन टीम इंडिया के युवा धुरंधरों ने इस नामुमकिन को भी अपने हौसले से मुमकिन कर दिखाया.
शुभमन गिल ने शानदार 91 रनों की पारी खेलकर भारत के लिए जीत का मंच तैयार किया तो वहीं चेतेश्वर पुजारा ने 56 रनों की पारी खेलकर एक छोर को संभाला तो वहीं जीत पर मुहर लगाई ऋषभ पंत की 89 रनों की पारी ने. पंत का वॉशिंगटन सुंदर ने भी बखूबी साथ दिया और 22 रनों की अहम पारी खेली. इससे पहले पहली पारी में वॉशिंगटन सुंदर और शार्दुल ठाकुर की जोड़ी ने अपनी जानदार बल्लेबाजी से टीम को मैच में वापस लाने का काम किया था.
गेंदबाजी की बात करें तो पहली पारी में नटराजन, वॉशिंगटन सुंदर और शार्दुल ने 3-3 विकेट झटके जबकि दूसरी पारी में मोहम्मद सिराज और शार्दुल चमके, सिराज ने 5 विकेट लिए तो वहीं शार्दुल ने 4.