विपक्षी दलों ने हाथरस केस में चौतरफा घिरी योगी सरकार के उस दावे पर पलटवार किया है, जिसमें उसने कहा है कि हाथरस की आड़ में दंगों की साजिश रची जा रही है. एक वेबसाइट का हवाला देते हुए यूपी पुलिस ने इसके तार अंतरराष्ट्रीय होने तक का दावा किया. इसपर कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि सीएम योगी अंतर्राष्ट्रीय तार की मूर्खतापूर्ण थ्योरी दे रहे हैं. तो वहीं कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने सीएम योगी पर ये कहकर निशाना साधा कि योगी जातीय दंगों की मनगढ़त थ्योरी दे रही है .
दरअसल अंग्रेजी अखबार इंडियन एक्सप्रेस ने अपनी रिपोर्ट में उस वेबसाइट को लेकर जानकारी दी है जिसकी मिसाल देते हुए यूपी सरकार ने दंगों की साजिश का दावा किया. रिपोर्ट में कहा गया है कि जिस वेबसाइट का हवाला देते हुए साजिश की बात कही गई है उसमें अमेरिका के अश्वेत आंदोलन Black Lives Matters के पोस्टर्स से कई बातें ली गई हैं. इसमें ये सूचना दी गई है कि पुलिस फायरिंग या लाठीचार्ज के दौरान खुद को कैसे बचाएं.