World Hand Hygiene Day: हम सभी जानते हैं कि सिर्फ हाथों की साफ-सफाई से ही कई बीमारियों को दूर रखा जा सकता है. यूं तो हाथों की साफ-सफाई पर जोर देने की बात कोई नई नहीं है लेकिन दुनियाभर में फैले कोरोना संकट ने इसे और ज्यादा जरूरी बना दिया है. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक, नियमित रूप से साबुन और पानी से हाथ धोना कोरोनावायरस के संक्रमण को फैलने से रोकने का सबसे अच्छा तरीका है.
हाथों की साफ-सफाई को लेकर जागरुकता फैलाने और इसके महत्व को बताने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन की तरफ से हर साल 5 मई को 'हाथ स्वच्छता दिवस' यानी World Hand Hygiene Day मनाया जाता है. इस साल इस दिन को मनाने की थीम है 'Achieving hand hygiene at the point of care.' यहां 'पॉइंट ऑफ़ केयर' का अर्थ उस बिंदु से है जहां तीन मुख्य फैक्टर्स का मिलन होता है. इन तीन फैक्टर्स में शामिल हैं- मरीज, स्वास्थ्य कर्मी और वो दूसरे लोग जो मरीजों की देखभाल में उनके आसपास रहते हैं.
अच्छी सेहत के लिए हाथों की सफाई कितना महत्व रखती है इसको बताने, प्रमोट करने के लिए साल 2009 में ग्लोबल कैंपेन 'Save Lives: Clean Your Hands' लॉन्च किया गया. साथ ही दुनियाभर में लोगों को इसे लेकर एकजुट करना भी है ताकि आपके और हमारे हाथ हमेशा साफ रहें.
आइये इस वर्ल्ड हैंड हाइजीन डे पर हम भी एक अच्छी आदत आपनाएं. अपने आस पास के लोगों को हाथ धुलाई के लिए जागरुक करें और एक कदम स्वच्छता की ओर बढ़ाते हुए बीमारियों को भी खुद से दूर रखें.