पेट्रोल-डीजल के बढ़े दामों (Petrol-Diesel Price) की मार झेल रहे लोगों को अगले कुछ दिनों में राहत मिल सकती है. केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री धर्मेंद्र प्रधान (Dharmendra Pradhan) ने आने वाले वक्त में पेट्रोलियम के दामों में कमी के संकेत दिए हैं. रविवार को पश्चिम बंगाल में पत्रकारों से बात करते हुए पेट्रोलियम मंत्री ने कहा कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी की कीमतें लगातार घट रही हैं और यह आगे भी घटेगी. उन्होंने कहा कि इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में आई कमी का फायदा सीधे लोगों तक पहुंचेगा. बता दें कि 31 मार्च को एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 10 रुपये की कटौती की गई थी. देश में अब 14.2 किलोग्राम सिलेंडर की कीमत 809 रुपये हो गई है.