भारत में हर कोई क्रिकेट खेल का दीवाना है. अभी तक आपने हाथों से बल्ला घुमाते और पैरों से दौड़ लगाकर गेंद पकड़ते खिलाड़ियों को कई बार देखा होगा लेकिन व्हीलचेयर पर बैठकर गेंदबाज़ी और बल्लेबाज़ी करते खिलाड़ियों की ये तस्वीरें आपको ना सिर्फ रोमांच से भर देंगी बल्कि आपके अंदर एक उत्साह पैदा करने का काम भी करेंगी. ये तस्वीरें हैं वाराणसी की. यहां के सिगरा स्टेडियम में पहली बार राजर्षि राजित प्रसाद यादव मेमोरियल व्हीलचेयर क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया. जिसमें दिव्यांगजन व्हीलचेयर में बैठकर चौका छक्का मारते नजर आए. व्हीलचेयर पर बैठ कर गेंदबाज गेंद को स्विंग करा रहे थे तो बैट्समैन शॉट मारने के बाद व्हीलचेयर पर ही सिंगल और डबल दौड़ कर रन बटोर रहे थे . उत्तर प्रदेश दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित इस टूर्नामेंट में पैरा स्पोर्ट एकेडमी वाराणसी एवं किंग ऑफ मिर्ज़ापुर की टीम ने हिस्सा लिया जिसमें किंग ऑफ मिर्ज़ापुर ने 2 रनों से जीत हासिल की .