जेसन होल्डर के 'फॉर्मूले' से सुधर रहा वेस्टइंडीज़ की जीत का 'गणित'

Updated : Jul 13, 2020 14:51
|
Editorji News Desk

टेस्ट क्रिकेट में जेसन होल्डर की कमान में वेस्टइंडीज़ की टीम उड़ान भर रही है. होल्डर की कप्तान वाली थ्योरी से उसकी जीत का गणित अब सुधर रहा है. यकीन नहीं हो रहा तो कोरोना के बाद वापसी करते हुए कैरेबियाई टीम की इंग्लैंड पर साउथैम्प्टन वाली जीत को ही ले लीजिए. होल्डर की कमान में खेले 33वें टेस्ट में ये वेस्टइंडीज़ की 11वीं जीत थी. बड़ी बात ये रही कि इस जीत ने होल्डर को सबसे ज्यादा टेस्ट जीत वाले कैरेबियाई कप्तानों की कतार में रिची रिचर्ड्स के साथ संयुक्त तौर पर तीसरे नंबर पर भी पहुंचा दिया. साल 2000 के बाद इंग्लैंड के खिलाफ वेस्टइंडीज़ ने बाकी कप्तानों की अगुवाई में 31 टेस्ट खेले, जिसमें सिर्फ 3 जीते और 19 हारे. वहीं, इस दौरान होल्डर की कमान में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 6 टेस्ट खेलकर 4 में जीत दर्ज की. होल्डर की कप्तानी थ्योरी से वेस्टइंडीज़ के सुधरते जीत के गणित को आप इस आंकड़े से भी समझ सकते हैं. नवंबर 2013 से लेकर अक्टूबर 2016 तक वेस्टइंडीज़ की टेस्ट जीत का प्रतिशत सिर्फ 13.79 फीसद का रहा. इस दौरान उसने 29 टेस्ट खेले, जिसमें 4 जीते, 19 हारे और 6 ड्रॉ कराए. वहीं, नवंबर 2016 से लेकर अबतक उसकी जीत का फीसद बंपर तरीके से बढ़कर 40.74 का हो गया है. इस दौरान खेले 27 टेस्ट में उसने 11 जीते, 14 हारे और 2 ड्रॉ कराए हैं. वेस्टइंडीज़ मेंस क्रिकेट टीम ने इंग्लैंड में 1988 के बाद टेस्ट सीरीज़ नहीं जीती है. लेकिन साउथैम्प्टन की जीत के साथ 32 साल बाद होल्डर एंड कंपनी ने उस इतिहास को भी बदलने का बिगुल फूंक दिया है.

ENGvsWIJason Holderइंग्लैंड बनाम वेस्टइंडीज़Southampton Testजेसन होल्डरसाउथैम्प्टन टेस्ट

Recommended For You