पश्चिम बंगाल और असम विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार गुरुवार की शाम थम गया. अब शनिवार को पहले दौर में इन दोनों राज्यों की 77 सीटों के लिए जनता वोट करेगी. पश्चिम बंगाल में पहले चरण में 5 जिले की 30 सीटों के लिए 191 प्रत्याशी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं. बांकुड़ा, पुरुलिया, झारग्राम, पश्चिमी और पूर्वी मिदनापुर की 30 सीटों पर शनिवार को वोटिंग है. जंगल महल एरिया के नाम से मशहूर इन इलाकों में आदिवासी समुदाय के वोट अहम हैं. 2016 के चुनाव में यहां TMC ने करीबन क्लीन स्वीप किया था, 30 में से 27 सीटें जीती थीं जबकि भाजपा का खाता नहीं खुला था.
वहीं, असम विधानसभा चुनाव में पहले चरण की 47 सीटों पर कुल 267 प्रत्याशी किस्मत आजमा रहे हैं. इन 47 सीटों में से 42 सीटें ऊपरी असम के 11 जिलों की हैं जबकि 5 सीटें सेंट्रल असम की हैं. पिछले चुनाव में इन 47 सीटों पर BJP गठबंधन ने 35 सीटें जीती थीं, वहीं CONG+ ने 11सीटें.