भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी (Tennis Player) लिएंडर पेस (Leander Paes) और महेश भूपति (Mahesh Bhupathi) फिर एक बार साथ नजर आएंगे. लेकिन इस बार टेनिस कोर्ट पर नहीं बल्कि एक वेब सीरीज में साथ दिखाई देंगे.
दरअसल 'दंगल' और 'छिछोरे' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुके नितेश तिवारी जल्द ही टेनिस की मशहूर जोड़ी लिएंडर पेस और महेश भूपति की जिंदगी पर वेब सीरीज बनाने की तैयीरी कर रहे हैं. ZEE5 पर आने वाली इस वेब सीरीज में इन दोनों के टेनिस स्टार बनने के सफर और उनकी उपलब्धियों के बारे में दिखाया जाएगा.
इसकी जानकारी खुद लिएंडर पेस ने ट्वीट कर दी है. एक तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, 'महेश भूपति के साथ मेरी साझेदारी की अविश्वसनीय यात्रा और उतार चढ़ाव जल्द ही आपकी स्क्रीन पर आ रही है.'
नितेश तिवारी इस सीरीज का निर्देशन 'पंगा' 'बरेली की बर्फी', 'नील बटे सन्नाटा' जैसी फिल्मों का निर्देशन कर चुकीं अश्विनी तिवारी अय्यर के साथ मिलकर करेंगे. बता दें कि यह पहला मौका होगा जब पति और पत्नी की यह जोड़ी एक साथ निर्देशन की कमान संभालेगी.