विराट कोहली ने पुणे टेस्ट की पहली पारी में शानदार दोहरा शतक जड़ा है. टेस्ट क्रिकेट में पिछली 10 पारियों और 10 महीने के इंतजार के बाद उनके बल्ले से कोई बड़ी पारी देखने को मिली है. ये विराट के टेस्ट करियर का 7वां दोहरा शतक है. इसी के साथ वो बतौर कप्तान टेस्ट में सबसे ज्यादा 200 प्लस का स्कोर बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं. यही नहीं उन्होंने बतौर कप्तान टेस्ट में रिकॉर्ड 9वीं बार 150 प्लस का आंकड़ा पार किया है. इस मामले में उन्होंने सर डॉन ब्रैडमैन का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिन्होंने 150 प्लस रन 8 बार बनाए थे. अपने इस दोहरे शतक से विराट ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ बनाए सचिन तेंदुलकर के सबसे ज्यादा टेस्ट रन का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया है.