जम्मू-कश्मीर के कटरा में स्थित श्री माता वैष्णो देवी धाम को देश का सबसे 'स्वच्छ आइकॉनिक स्थान' चुना गया है. जल शक्ति मंत्रालय के पेयजल और स्वच्छता विभाग द्वारा मंगलवार को जारी की गई सूची में माता वैष्णो देवी धाम को पहला स्थान मिला है. धाम की स्वच्छता बेहतर होने के चलते इस सूची में पहला स्थान मिला है. जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ सालों में धाम की साफ-सफाई के लिए काफी काम किए गए हैं. इनमें वाटर कियोस्क, रिवर्स वेंडिंग मशीन, गोबर मैनेजमेंट सेंटर और कूड़े को नष्ट करने वाली मशीन लगाई गई है. यहां कचरे की समस्या को हल करने के लिए 1300 कर्मचारी आउटसोर्स किए गए हैं. श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के प्रवक्ता के अनुसार, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, मंत्रालय द्वारा आयोजित किए जाने वाले ‘स्वच्छ महोत्सव’ के दौरान पुरस्कार भी दिया जाएगा.