यूपी की स्पेशल टास्क फोर्स ने रविवार को दिल्ली के शाहीन बाग स्थित PFI यानि पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के ऑफिस में छापा मारा. इस दौरान यूपी एसटीएफ ने कई अहम दस्तावेज बरामद किए. इसके अलावा संगठन के दूसरे कई कार्यालयों में भी छापेमारी और पूछताछ की गई. मथुरा के थाना माठ में दर्ज मुकदमे के सिलसिले में ये छापेमारी की गई. इस मामले में कोर्ट से सर्च वारंट मिलने के बाद STF ने ये कार्रवाई की. दरअसल, यूपी एसटीएफ ने PFI के स्टूडेंट विंग के एक सदस्य रउफ शरीफ को पकड़ा है, जिसे केरल में गिरफ्तार किया था, जहां से STF उसे प्रोडक्शन वॉरंट पर लेकर आई है. रउफ के खिलाफ यूपी में सीएए और एनआरसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़काने और हाथरस में दंगे के लिए फंडिंग की व्यवस्था कराने जैसे गंभीर आरोप हैं.