Shabnam Hanging: अपने प्यार की ख़ातिर परिवार के ही सात सदस्यों को मौत के घाट उतारने की गुनहगार अमरोहा की शबनम (Shabnam) की फांसी की सज़ा उम्रकैद में बदल सकती है. आज़ाद भारत में आज तक किसी भी महिला को फांसी नहीं हुई. इलाहाबाद हाईकोर्ट की महिला वकील के इसी तर्क पर यूपी की राज्यपाल (UP Governor) ने शबनम की फांसी के मामले में दखल दिया है और राज्य सरकार से पुनर्विचार करने को कहा है.
दरअसल, हाईकोर्ट की वकील सहर नक़वी ने पिछले दिनों यूपी की गवर्नर आनंदीबेन पटेल को लेटर भेजकर सात लोगों की हत्या की दोषी शबनम की फांसी की सज़ा के मामले में दखल देते हुए उसे उम्र कैद में तब्दील किये जाने की अपील की थी. उन्होंने अपनी अर्जी में जो दलीलें दी हैं, उनमें सबसे अहम है कि आज़ाद भारत में आज तक किसी भी महिला को फांसी नहीं हुई है. इसके साथ ही जेल में जन्मे शबनम के 13 साल के बेटे के भविष्य को लेकर भी चिंता व्यक्त की गई है.