टॉम हैंक्स, ये वो नाम है जिसे एक्टिंग का इंस्टीच्यूशन कहते हैं. हॉलीवुड का वो अभिनेता जिसे अभिनय का बिग डैडी कहा जाता है, जिसे ग्रेटेस्ट मूवी स्टार्स ऑफ ऑल टाइम में टॉप पर रखा जाता है.
शुरुआती जीवन
टॉमस जेफ्री हैंक्स उर्फ टॉम हैंक्स (Tom Hanks) का जन्म 9 जुलाई 1956 को अमेरिका के कैलिफ़ोर्निया में हुआ था. ब्रिटिश मूल के पिता मामूली कूक थे और पुर्तगाली मूल की मां अस्पताल में काम करती थीं. बचपन से बेहद शर्मीले टॉम फनी कैप्शंस देने में उस्ताद थे. थिएटर का उन्हें शौक था इसलिए स्कूल से ही प्ले करने लगे. कॉलेज में भी थिएटर की पढ़ाई की और कैलिफोर्निया स्टेट यूनिवर्सिटी भी थिएटर कोर्स में ही गए. लेकिन कॉलेज छोड़ कर ओहायो के ‘ग्रेट लेक्स थिएटर फेस्टिवल क्लीवलैंड’ में शामिल हो गए. इस दौरान क्लीवलैंड बेस्ट क्रिटिक्स अवॉर्ड 1978 में जीता. 2010 में Time magazine ने टॉम हैंक्स को Top 10 College Dropouts बताया.
फिल्मों की शुरुआत
फिल्म करने की ख्वाहिश में टॉम 1979 में न्यूयॉर्क आ गए. 1980 में उन्होंने अपनी पहली फिल्म You're Alone की. 1981 में Bosom Buddies नाम की सीरीज में अहम रोल मिला, लेकिन 1984 में आई Splash से उनकी किस्मत बदली. 1986 में आई फिल्म Nothing in Common के साथ उन्होंने कॉमेडी से ब्रेक लिया और संजीदा रोल्स करना शुरू किया. इसके बाद 1988 में आई फिल्म Big की बड़ी सफलता ने टॉम हैंक्स को हॉलीवुड का बड़ा सितारा बना दिया.
करियर पार्ट-2
टॉम हैंक्स अपने अभिनय करियर को दो दौर में बांटते हैं, दूसरा दौर 90 के दशक में शुरू हुआ, जब बकौल हैंक्स वो बेहतर कलाकार बन गए थे. 1993 में Sleepless in Seattle आई और फिर उसी साल Philadelphia में उनकी एक्टिंग ने धमाल मचा दिया. फिलाडेल्फिया में उन्होंने AIDS से पीड़ित गे वकील का किरदार निभाया था जिसे ऑस्कर भी मिला. इस किरदार के लिए उन्होंने अपना वजन 35 किलो घटाया था. फिर 1994 में Forrest Gump के साथ अपनी एक्टिंग का लोहा मनवाया, और लगातार दूसरी बार ऑस्कर का बेस्ट एक्टर अवॉर्ड जीता. ऐसा करने वाले इतिहास के वो सिर्फ दूसरे एक्टर हैं.
हैंक्स-स्पीलबर्ग की जोड़ी
टॉम हैंक्स और स्टीवन स्पीलबर्ग की जोड़ी भी काफी मशहूर रही है, दोनों ने 5 फिल्में की हैं जो दुनियाभर में सराही गईं. 1998 में Saving Private Ryan जिसे इतिहास की बेहतरीन वॉर फिल्मों में शुमार किया जाता है. 2002 में Catch Me If You Can, 2004 में आई The Terminal, 2015 में Bridge of Spies और 2017 में आई The Post.
कुछ और बेहतरीन फिल्में
इसके अलावा टॉम की कुछ और मशहूर फिल्में रही हैं 1998 में आई You've Got Mail, 1995 में आई Apollo 13, 1999 में आई The Green Mile, साल 2000 में आई Cast Away भी काफी सराही गई. इस फिल्म में एक एयर क्रैश के बाद वो अकेले कई सालों तक एक आईलैंड में रहते हैं. साल 2002 में आई Road to Perdition और फिर 2012 में आई Cloud Atlas को भी लोगों ने काफी पसंद किया.
हैंक्स की लव लाइफ
हैंक्स को अपना असली प्यार रीटा विल्सन (Rita Wilson) के रूप में 1980 के दशक में Bosom Buddies के सेट पर मिला, हालांकि तब हैंक्स शादीशुदा थे. टॉम की पहली शादी Samantha Lewes से हुई थी जो सिर्फ 9 साल चली और 1987 में दोनों ने तलाक ले लिया. इसके बाद अप्रैल 1988 में टॉम हैंक्स ने रीटा विल्सन से शादी रचाई जो अभी भी कायम है.
टॉम हैंक्स को सम्मान
टॉम हैंक्स इतिहास के सिर्फ दूसरे एक्टर हैं जिन्हें लगातार दो सालों तक ऑस्कर का बेस्ट एक्टर अव़र्ड मिला है. 1993 में फिलाडेल्फिया के लिए और 1994 में फॉरेस्ट गंप के लिए. वो कुल 6 बार ऑस्कर के बेस्ट एक्टर कैटेगरी में नॉमिनेट हो चुके हैं. 7 प्राइमटाइम एमी अवॉर्ड भी जीत चुके हैं. ब्रटिश एकैडमी ऑफ फिल्म्स और गोल्डन ग्लोब ने भी उन्हें खास सम्मान दिया है. साल 2016 में उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति ने प्रेसिडेंशियल मेडल ऑफ फ्रीडम से सम्मानित किया था.