स्टार शटलर पीवी सिंधु (PV Sindhu) ने रविवार को टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympics) में चीन की बिंग जियाओ को सीधे सेटों में हराकर बैडमिंटन (Badminton) महिला सिंगल्स के मुकाबले का ब्रॉन्ज मेडल (Bronze medal) अपने नाम कर लिया. कांस्य पदक जीतने के कुछ देर बाद पीवी सिंधु ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक अभियान कठिन था और कांस्य पदक जीतना रियो ओलंपिक में उनके रजत पदक की तुलना में जीतना ज्यादा मुश्किल था.
सिंधु ने जीत के बाद कहा कि बहुत लोगों को उम्मीद नहीं थी कि वह 2016 में रियो ओलंपिक में सिल्वर जीतेंगी. सिंधु ने कहा कि शनिवार को चीनी ताइपे की खिलाड़ी से सेमीफाइनल में हारने के बाद मेरे भीतर कई तरह की भावनाएं उमड़ रही थीं, लेकिन इस एक मैच के लिए मुझे अपनी भावनाओं पर कंट्रोल करना पड़ा और मैच में मैंने अपना सर्वश्रेष्ठ दिया. मैं वास्तव में काफी खुश हूं. बता दें कि सिंधु इससे पहले रियो ओलंपिक में सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं और इस तरह वह ओलंपिक में दो मेडल जीतने वालीं पहली भारतीय महिला खिलाड़ी बन गई.