Tokyo Olympics में भारत की महिला और पुरुष दोनों ही हॉकी टीमें सेमीफाइनल में पहुंच गई हैं. इस ऐतिहासिक लम्हे का हर कोई अपने अंदाज में जश्न मना रहा है. इस बीच एक ऐसा शख्स भी है जिसके सिर पर इस जीत का सेहरा बांधा जा रहा है. खिलाड़ियों के साथ लोग उन्हें भी बधाई दे रहे हैं. ये शख्स हैं ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक.
दरअसल, साल 2018 से ओडिशा सरकार ना सिर्फ भारतीय हॉकी की दोनों टीमों को स्पॉन्सर कर रही है बल्कि वर्ल्ड क्लास ट्रेनिंग, रिहैब फैसिलिटी, प्रैक्टिस पिच और टूर्नामेंट्स के जरिए उन्हें मजबूत भी बना रही है. ओडिशा देश का पहला ऐसा राज्य है जो किसी नेशनल टीम को स्पॉन्सर करने के लिए आगे आया. ओडिशा सरकार ने इसके लिए 150 करोड़ का बजट रखा. इसके अलावा ओडिशा की नवीन पटनायक सरकार 2023 मेन्स हॉकी वर्ल्ड कप के आयोजन के लिए राउरकेला जिले में दुनिया का सबसे बड़ा हॉकी स्टेडियम भी बनवा रही है.
ओडिशा सरकार से पहले 1995 से 2018 तक सहारा इंडिया ग्रुप भारत की हॉकी टीमों को स्पॉन्सर कर रहा था लेकिन कंपनी की माली हालत खराब होने की वजह से ये डील टूट गई. ऐसे वक्त में नवीन पटनायक ने भारतीय हॉकी टीम का नया 'सहारा' बनकर उसे संरक्षण दिया. ओडिशा सरकार का ये कदम दूसरे राज्यों के लिए एक मिसाल भी बना और अब आशा की जा रही है कि दूसरे प्रदेश भी खिलाड़ियों की मदद और खेलों के लिए इंफ्रास्ट्रक्चर डेवेलप करने के लिए और अधिक प्रयास करेंगे.