टोक्यो ओलंपिक (Tokyo Olympics) 2020 में आज से भारत अपने अभियान की शुरुआत कर रहा है. भारत की ओर से पहला मुकाबला आर्चरी का है, जिसमें दुनिया की नंबर 1 तीरंदाज (Indian archer ) दीपिका कुमारी (Deepika Kumari) ने रैंकिंग राउंड में निशाना लगाया. हालांकि महिला रैंकिंग राउंड में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा.
भारतीय तीरंदाज ने 663 अंक जुटाए और नौवें स्थान पर रहीं. रैंकिंग राउंड में एक समय दीपिका चौथी पोजिशन तक आ गई थीं, लेकिन फिर वे नीचे खिसक गईं. वह अगले दौर में भूटान की कर्मा से भिड़ेंगी जिन्होंने 616 अंक जुटाया.
रैकिंग राउंड में पहली तीन पोजिशन पर कोरिया रहा. वहीं टॉप चार खिलाड़ियों ने ओलंपिक रिकॉर्ड को तोड़ दिया. आन सान (680) पहले, जंग मिन्ही (677) दूसरे और कांग झी (675) तीसरे और मैक्सिको की वेलेंसिया (674) चौथे नंबर पर रहीं. इन सब ने लीना हेरासिमेंको का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने अटलांटा ओलंपिक 1996 में 673 का स्कोर किया था.
बता दें कि रैंकिंग राउंड में 12 सेट पूरे होने के बाद तीरंदाजों को अंकों के आधार पर 1 से 64 तक रैंक मिलती है. इसके बाद टॉप रैंक वाले का 64वीं रैंक वाले से मुकाबला होगा जबकि दूसरे नंबर पर आने वाला खिलाड़ी 63वें रैंक वाले खिलाड़ी से भिड़ेगा.