खबर है कि तृणमूल कांग्रेस के 65 साल से अधिक उम्र के सांसद आगामी मानसून सत्र में हिस्सा नहीं लेंगे ताकि कोरोना वायरस के संक्रमण से बचा जा सके. वैसे अभी पार्टी नेतृत्व की ओर से इस संबंध में आधिकारिक रूप से कोई जानकारी नहीं दी गई है. लेकिन ऐसे कहा जा रहा है कि 65 साल से अधिक उम्र के पार्टी सांसदों को संसद सत्र में शामिल नहीं होने की सलाह दी गई है. उत्तर कोलकाता से लोकसभा सदस्य 67 वर्षीय सुदीप बंदोपाध्याय ने PTI से कहा कि वो कोलकाता से ही सदन में अपने साथी सदस्यों से समन्वय करेंगे. उन्होंने कहा कि मैं संसद सत्र में शामिल नहीं होऊंगा क्योंकि मेरी उम्र 65 साल से अधिक है और संक्रमण का खतरा है.