कोरोना की दूसरी लहर ना सिर्फ शहरों बल्कि गांवों को भी प्रभावित कर रही है. Backward Region Grant Fund (BRGF) के डेटा के मुताबिक 272 जिलों में से 243 जिलों का आंकड़ा कोरोना को लेकर बड़ी डरावनी तस्वीर पेश कर रहा है. आंकड़ों के मुताबिक 5 मई को इन जिलों में 39.16 लाख लोग कोरोना संक्रमण का शिकार हो गए हैं. संक्रमण का ये उछाल पिछले साल के मुकाबले 4 गुना ज्यादा है क्योंकि 16 सितंबर 2020 की पीक के दौरान यहां संक्रमण का
आंकड़ा 9.5 लाख था. यहीं नहीं एक्टिव केसों के मामले में भी खतरनाक बात ये है कि इसमें 4.2 गुना ज्यादा उछाल है. इन 243 जिलों में वायरस से हुई मौतों की संख्या की बात करें तो 5 मई को संक्रमण की वजह से 36, 523 लोगों के जान गंवाने की बात सामने आई है, जबकि पिछले साल सितंबर में 9,555 लोगों की ही वायरस की वजह से सांसें थमी थी. दरअसल इस दूसरी लहर में कोरोना संक्रमण ना सिर्फ गांवों तक खतरनाक तरीके से पहुंच गया है और इस पर रोकथाम करना सरकार के लिए बड़ी चुनौती होगी.