Opposition on Monsoon Session: मॉनसून सत्र के दौरान बुधवार को राज्यसभा में हुए हंगामे को लेकर विपक्ष ने सरकार पर हल्ला बोला है. विपक्ष का कहना है कि राज्यसभा में सांसदों के साथ मार्शलों ने धक्कामुक्की की, बाहर से भी लोगों को बुलाया गया और सांसदों के साथ दुर्व्यवहार हुआ. इन आरोपों के बीच गुरुवार को ही सरकार की ओर से एक वीडियो जारी किया गया जिसमें विपक्षी सांसदों और मार्शल्स के बीच धक्कामुक्की नजर आ रही है. वहीं विपक्ष का कहना है कि सरकार सेलेक्टिव फूटेज जारी करने की बजाय पूरा फुटेज जारी करे.
विपक्ष का कहना है कि बुधवार को संसद में जो कुछ हुआ वो लोकतंत्र की हत्या है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि देश के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ कि राज्यसभा के सांसदों के साथ सदन में मारपीट की गई, ये लोकतंत्र की हत्या है.
शिवसेना सांसद संजय राउत ने कहा कि महिला सांसदों के खिलाफ जो घटना हुई वो लोकतंत्र के खिलाफ थी. ऐसा लगा जैसे हम पाकिस्तान की सीमा पर खड़े हैं. तो RJD सांसद मनोज झा ने कहा कि हमें संसद में बोलने का मौका तक नहीं दिया गया. उन्होंने कहा कि हम पड़ोसी मुल्कों के मार्शल लॉ के बारे में सुनते थे लेकिन बुधवार को संसद के अंदर ये देखा.
वहीं टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि अब सही मायने में सदन में मोदी-शाह का गुजरात मॉडल काम कर रहा है. डेरेक बोले कि मोदी-शाह की क्रूर सरकार अब राज्यसभा के अंदर सांसद के विरोध को विफल करने के लिए "जेंडर शील्ड्स" का उपयोग कर रही है. महिला सांसदों के लिए पुरुष मार्शल और पुरुष सांसदों के सामने महिला मार्शल को तैनात कर रही है.