देश में बेकाबू होती कोरोना की रफ्तार को लेकर सरकार ने भी चिंता जाहिर की है. बुधवार को संक्रमण के मामलों (COVID19 cases ) पर जानकारी देते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि देश के 146 जिले सरकार के लिए चिंता का विषय हैं, जहां पॉजिटिविटी रेट (Positivity rate) 15 फीसदी से अधिक है. स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण (Rajesh Bhushan) ने कहा कि देश में सक्रिय मामलों की संख्या 21,57,000 है, जो पिछले साल के मुकाबले दोगुनी है.
इसके अलावा उन्होंने बताया कि सरकार संक्रमितों के इलाज के लिए बेड की संख्या और बढ़ाने जा रही है. साथ ही वैक्सीनेशन को लेकर कहा कि देश में अब तक 13 करोड़ से ज्यादा लोगों को वैक्सीन लग चुकी है. लगभग 87 फीसद स्वास्थ्यकर्मियों और 79 फीसद फ्रंट लाइन वर्कर्स को वैक्सीन (COVID19 vaccines) की पहली डोज लग चुकी है.