प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) के 71वें जन्मदिन (Birthday) के अवसर पर पीएम को अलग-अलग जगहों से मिलने वाले उपहारों (Gifts) की नीलामी (Auction) शुरू की गई है. इन उपहारों में हाल ही में खत्म हुए ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों में मेडल जीतने वाले खिलाड़ियों के किट और उपकरण भी शामिल हैं. इस ई-नीलामी में टोक्यो ओलंपिक और पैराओलंपिक के खिलाड़ियों के ग्लब्स, रैकेट व अन्य चीजों को भी शामिल किया गया है.
पैरालंपिक खेलों में सिल्वर मेडल जीतने वाले और नोएडा के डीएम एल वाई सुहास अभी तक की नीलामी में बाजी मारते दिख रहे हैं. नीलामी शुरू हुए चंद घंटे के बाद ही सुहास के बैडमिंटन रैकेट की बोली 10 करोड़ रुपए तक पहुंच चुकी है. वहीं ओलंपिक खेलों में जैवलिन थ्रो में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रचने वाले नीरज चोपड़ा के जैवलिन का बेस प्राइस एक करोड़ रुपए रखा गया था. अभी तक की नीलामी में चोपड़ा के उस जैवलिन की कीमत 1.20 करोड़ तक पहुंची है.
बता दें कि शुक्रवार से शुरू हुई नीलामी 7 अक्टूबर तक चलेगी. वहीं इस नीलामी के जरिए मिलने वाले पैसों का इस्तेमाल नमामि गंगे प्रोजेक्ट के लिए किया जाएगा.