टीम इंडिया ने वाइजैग टेस्ट पर अपना शिकंजा कस लिया है. अब जीत उससे बस 9 कदम की दूरी पर है. चौथे दिन भारत ने अपनी दूसरी पारी 4 विकेट पर 323 रन बनाकर घोषित की. रोहित ने एक और शतक जड़ा तो पुजारा ने 81 रन बनाए और साउथ अफ्रीका के सामने 395 रन का लक्ष्य रखा. जवाब में भारत ने दूसरी पारी में अफ्रीकी टीम का एक विकेट भी गिरा दिया वो भी पहली पारी के शतकवीर डीन एल्गर का. हालांकि, इसके बाद खराब रौशनी ने मैच को तय समय से पहले ही रोक दिया. भारतीय फैंस के लिए ये जानना जरूरी है कि विराट कोहली ने जब जब टॉस जीता...तब तब टेस्ट मैच गंवाया नहीं है. यही नहीं 200 से ज्यादा के टारगेट को डिफेंड करते हुए भारत 31 टेस्ट मैच जीत चुका है जबकि सिर्फ 2 में उसे हार मिली है. यानी मैच जीतने को लेकर पलड़ा पूरी तरह से टीम इंडिया का ही भारी है.