23 वर्षीय पहलवान सागर राणा के हत्या के आरोप में दिल्ली के मंडोली जेल में बंद पहलवान सुशील कुमार(Sushil Kumar) को जल्द ही तिहाड़ जेल(Tihar Jail) में शिफ्ट किया जा सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक सुशील कुमार की सुरक्षा को लेकर ये फैसला लिया गया है. फिलहाल सुशील कुमार जेल में क्वारंटीन हैं और उनके क्वारंटीन पीरियड के खत्म होने के बाद उनको दूसरी जेल में शिफ्ट किया जाएगा. इस वक्त सुशील को मंडोली की जेल नंबर-15 के वॉर्ड नंबर-1 के एक सेल में अकेले रखा गया है. ताकि, ना तो उन्हें किसी दूसरे कैदी से किसी तरह का खतरा हो और ना ही उन्हें या अन्य किसी कैदी को कोरोना संक्रमण का डर हो. उनकी सुरक्षा के लिए तमिलनाडु स्पेशल पुलिस के अलावा सीआरपीएफ के जवान भी तैनात हैं. दरअसल सुशील को कुछ गैंगस्टरों से कथित रूप से खतरा होने के चलते उनकी सुरक्षा पर अतिरिक्त ध्यान दिया जा रहा है और अगर उनको तिहाड़ में भी शिफ्ट किया जाता है तो वहां भी वो जेल नंबर 2 या 4 में ही रखे जाएंगे.