बॉलीवुड के दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत (Sushant Singh Rajput) कई बेहतरीन फिल्मों में नजर आए. उन्होंने अपने करियर की शुरुआत छोटे पर्दे से की लेकिन इस सफर की शुरुआत कैसे हुई और कैसे सुशांत ने अपनी मेहनत से टीवी से फिल्मों तक का सफर शुरु किया आइए इस पर एक नजर डालते हैं.
बिहार (Bihar) के पटना से ताल्लुक रखने वाले सुशांत...शाहरुख खान के बड़े फैन थे. एक्टिंग में रुझान होने के बावजूद परिवार के दबाव में आकर उन्होंने मैकेनिकल इंजीनियरिंग करने के लिए दिल्ली (Delhi) कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में दाखिला ले लिया.
इंजीनियरिंग करते हुए सुशांत ने डांस में माहिर होने के लिए श्यामक डावर का डांस ग्रुप ज्वॉइन कर लिया. इसी के साथ उन्होंने थिएटर डायरेक्टर बैरी जॉन से एक्टिंग सीखनी भी शुरू कर दी. साल 2006 में सुशांत ने कॉमनवेल्थ गेम्स की ओपनिंग सेरेमनी में ऐश्वर्या राय के पीछे बतौर बैकग्राउंड डांसर भी काम किया है.
डांस और एक्टिंग में रुचि बढ़ने के बाद उन्होंने इंजीनियरिंग के फाइनल ईयर में पढ़ाई छोड़ दी और मुंबई शिफ्ट हो गए. यहां आकर सुशांत ने नादिरा बब्बर का थिएटर ग्रुप ज्वॉइन कर लिया था.
पृथ्वी थिएटर में काम करते हुए बालाजी टेलीफिल्म की कास्टिंग टीम की नजर सुशांत पर गई, जहां उन्हें ऑडीशन देने का ऑफर मिला. परफॉर्मेंस से खुश होकर सुशांत को 2008 में आए शो 'किस देश में है मेरा दिल' में प्रीत सिंह जुनेजा का सेकेंड लीड रोल दिया गया.
'किस देश में है मेरा दिल' शो में सुशांत की परफॉर्मेंस देखकर प्रोड्यूसर एकता कपूर ने पवित्र रिश्ता शो में लीड एक्टर के लिए अपनी क्रिएटिव टीम को सुशांत के नाम का सुझाव दिया.
हालांकि पहले टीम ने इनकार कर दिया लेकिन एकता ने अपनी टीम को मना लिया. जिसके बाद सुशांत ने मानव देशमुख का रोल प्ले कर खूब पॉपुलैरिटी हासिल की.
करीब ढाई साल तक शो का हिस्सा बने रहने के बाद सुशांत ने यूएस में फिल्म मेकिंग का कोर्स करने के लिए शो छोड़ने का फैसला कर लिया. इसके बाद साल 2013 से सुशांत ने डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा की फिल्म 'काय पो छे' से बॉलीवुड में डेब्यू किया.