इंग्लैंड के तेज गेंदबाज़ स्टुअर्ट ब्रॉड ICC वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में 50 विकेट पूरे करने वाले पहले गेंदबाज़ बन गए हैं. ये कामयाबी उन्हें चैंपियनशिप के तहत 11वें टेस्ट में मिली. वेस्टइंडीज़ के खिलाफ मैनचेस्टर टेस्ट की पहली पारी में 6 विकेट झटककर ब्रॉड ने इस उपलब्धि को हासिल किया. पिछले एक दशक में ब्रॉड सबसे ज्यादा 12 बार 5 प्लस विकेट टेस्ट मैच के एक ही दिन के खेल में लेने वाले एकमात्र तेज गेंदबाज़ हैं. उन्होंने 12 बार 6 प्लस विकेट लिए जिसमें 7.59 का उनका औसत और 17.1 का स्ट्राइक रेट उन 14 गेंदबाज़ों से बेहतर रहा, जिन्होंने 10 से ज्यादा बार 6 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं. स्टुअर्ट ब्रॉड को खराब फॉर्म के चलते वेस्टइंडीज़ के खिलाफ पहले टेस्ट में नहीं खिलाया गया था. लेकिन दूसरे टेस्ट में मौका मिलने के बाद से उनके विकेट की झोली भरती ही चली गई, जो कि आलोचकों के लिए करारा जवाब है. यानी अब चित भी ब्रॉड की और पट भी.