उत्तर प्रदेश सरकार का चेहरा मोहरा बदलने की अटकलें हर गुजरते दिन के साथ तेज होती जा रही हैं. इतवार को यूपी के प्रभारी और पूर्व केंद्रीय मंत्री राधा मोहन सिंह ने राज्यपाल आनंदी बेन पटेल (Governor Anandi Ben Patel) से मुलाकात की. ऐसा दावा है कि इस बैठक का एजेंडा सरकार में प्रस्तावित फेरबदल ही था लेकिन इसकी किसी भी स्तर से कोई पुष्टि नहीं की गई है. हालांकि जब राधा मोहन सिंह (Radha Mohan Singh) से मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि सरकार में पद खाली हैं, लेकिन मंत्रिमंडल में विस्तार का फैसला मुख्यमंत्री लेंगे.
आपको बता दें कि बीते कई दिनों से ऐसी ख़बरें हैं कि यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार (Cabinet expansion in UP) किया जाएगा. इस फेरबदल की मुख्य वजह अगले साल होने जा रहे चुनाव और उसी के मद्देनजर जातिगत समीकरणों को साधने का प्रयास है. मंत्रिमंडल में परिवर्तन के साथ साथ सूबे में बीजेपी के संगठन में भी तब्दीलियां संभावित हैं.