जून में साल 2021 का पहला सूर्य ग्रहण (Surya Grahan) लगने जा रहा है. चंद्र ग्रहण के 14 दिन बाद यानी 10 जून को अमावस्या पर ये ग्रहण लग रहा है. ये ग्रहण रिंग ऑफ फायर सूर्य ग्रहण होगा. इस दौरान चंद्रमा सूर्य के लगभग 97 फीसदी हिस्से को कवर कर लेगा.
साल का पहला सूर्य ग्रहण (Solar eclipse 2021) भारत के पूर्वोत्तर के बहुत कम हिस्से और जम्मू कश्मीर में आंशिक रूप से दिखाई देगा. इस वजह से देश में सूतक काल मान्य नहीं होगा. भारत के अलावा ये ग्रहण उत्तर-पूर्वी अमेरिका, यूरोप, एशिया, अटलांटिक महासागर के उत्तरी हिस्से में भी आंशिक रूप में दिखाई देगा. जबकि ग्रीनलैंड, उत्तरी कनाडा और रूस में पूर्ण सूर्यग्रहण के रूप में नजर आएगा.
सूर्य ग्रहण दोपहर 1 बजकर 42 मिनट से शुरू होकर शाम 6 बजकर 41 मिनट पर खत्म होगा. हिंदू पंचांग के हिसाब से ये सूर्यग्रहण बेहद खास है क्योंकि इस दिन ज्येष्ठ मास का अमावस्या है और इसी दिन वट सावित्री वट पूजा और शनि जयंती भी है.
बताया जाता है कि 148 साल बाद शनि जयंती के दिन सूर्य ग्रहण लगने जा रहा है, इससे पहले 26 मई 1873 में यह संयोग पड़ा था. ज्योतिष पंचांग के अनुसार, इस साल 2 चंद्रग्रहण होंगे और 2 सूर्यग्रहण लगेंगे. साल का दूसरा और आखिरी सूर्य ग्रहण 4 दिसंबर को लगेगा.