बिहार में इंडिगो एयरलाइंस के स्टेशन मैनेजर रूपेश सिंह की हत्या की वारदात ने हड़कंप मचा दिया है. मंगलवार रात पुनाईचक के अपने कुसुमविला अपार्टमेंट के पास रूपेश को ताबड़तोड़ 6 गोलियां मारी गई. लेकिन अब तक ना हत्यारों का पता चल पाया है और ना हत्या की वजह. हालांकि, हाई प्रोफाइल केस की वजह से बढ़ते दबाव के बीच मामले की जांच के लिए SIT का गठन कर दिया गया है. बताया जा रहा है कि उस अपार्टमेंट में 5 सीसीटीवी कैमरे लगे मिले लेकिन एक भी कैमरा चालू नहीं था. अपार्टमेंट के गार्ड का कहना है कि जब से कैमरा लगा है, तभी से बंद है. अब पुलिस आस पास की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. हत्या के बाद रूपेश की कार और मोबाइल को कब्जे में ले लिया है. वहीं बिहार के डिप्टी सीएम तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि गुनहगार बचेंगे नहीं.