सियाचीन ग्लेशियर पर भारत को कब्जा दिलाने वाले 87 साल के पर्वतारोही कर्नल नरेंद्र ‘बुल’ कुमार का गुरुवार को नई दिल्ली के आर्मी रिसर्च एंड रेफरल अस्पताल में निधन हो गया. वह उम्र से संबंधित बीमारी से लंबे समय से जूझ रहे थे. कर्नल कुमार को कीर्ति चक्र, पद्म श्री, अर्जुन पुरस्कार और मैकग्रेगर पदक से सम्मानित किया जा चुका है. उनकी रिपोर्ट पर ही सेना ने 13 अप्रैल, 1984 को ‘ऑपरेशन मेघदूत’ चलाकर सियाचिन पर कब्जा बरकरार रखा था. नरेंद्र ‘बुल’ कुमार के निधन पर पीएम मोदी ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने इसे देश के लिए एक अपूरणीय क्षति बताया है.