सावन के पावन महीने के दूसरे सोमवार (Second Monday of Sawan) को देशभर के मंदिरों में भक्तों का तांता लगा है. भगवान शंकर पर जलाभिषेक के लिए हर कोई आतुर दिख रहा है लेकिन भोले की नगरी बनारस से आई तस्वीरें चिंता बढ़ाने वाली हैं. यहां कोरोना के नियमों की खूब धज्जियां उड़ रही हैं.
विश्व प्रसिद्ध काशी विश्वनाथ मंदिर (Kashi Vishwanath) मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ है. दर्शन और पूजा के लिए लाइन लगी है, लेकिन कई लोगों ने न तो मास्क पहन रखा है और न ही सोशल डिस्टेंसिंग का पालन हो रहा है. समाचार एजेंसी ANI की तस्वीरों में साफ दिख रहा है कि गंगा के घाटों पर भी बेतहाशा भीड़ है...वहां हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुटे हैं.
ये हालत तब है जब खुद प्रधानमंत्री मोदी ने त्योहारों के मसले पर जुटने वाली भीड़ को लेकर चिंता जता चुके हैं. उन्होंने कहा था कि ये ठीक नहीं है. वायरस अपने आप नहीं आता. कोई जाकर ले आए तो आता है लिहाजा कोरोना प्रोटोकॉल के पालन पर हमें कंप्रोमाइज नहीं करना है.