देश में कोरोना (Coronavirus) का कोहराम जारी है हालांकि सोमवार को एक बार फिर कोरोना के नए केसों और मौतों में कमी दर्ज की गई. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Ministry of Health) के मुताबिक देश में 24 घंटों के दौरान 3 लाख 29 हजार 942 नए केस दर्ज किए गए और 3 हजार 876 मरीजों की कोरोना ने जान ले ली. कोरोना से होने वाली मौतें और नए केसों की ये संख्या उत्साह बढ़ाने वाली है.
इससे पहले रविवार को 3.66 लाख से अधिक नए कोरोना मरीज मिले थे और 3,754 लोगों की जान गई थी. राहत की बात 24 घंटे में ठीक हुए मरीजों की संख्या भी है. देश में इस दौरान 3 लाख 56 हजार 82 मरीजों ने कोरोना को मात दिया है.
यह भी पढ़ें | कोरोना से सबक: अब देश के सभी मेडिकल कॉलेज में होंगे ऑक्सीजन प्लांट
देश में एक्टिव केसों की संख्या में कुछ कमी आई है जो अब 37 लाख 15 हजार 221 रह गई है. देश में अब कुल कोरोना मरीजों की संख्या बढ़कर 2 करोड़ 29 लाख 92 हजार 517 हो गई है. वैक्सीनेशन के मोर्चे पर भी अच्छी खबर है.
देश में 10 मई को 24 लाख 30 हजार 17 टीके लगाए गए, जिनमें 10 लाख 47 हजार 92 पहली खुराक और 13 लाख 82 हजार 925 दूसरी खुराक शामिल हैं. देश में अब तक 17 करोड़ 27 लाख 10 हजार 066 लोगों को वैक्सीन दी गई.
यह भी पढ़ें | भारत में मौतों के बेतहाशा मामले चिंता बढ़ाने वाले, असल आंकड़े सामने लाए सरकार: WHO