देश में कोरोना वायरस (Corona virus) की रिकॉर्डतोड़ तबाही जारी है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Union Ministry of Health) के मुताबिक 24 घंटे में 3 लाख 32 हजार 730 नए कोरोना केस आए और 2,263 मरीजों की सांसें थम गईं. ये दोनों ही आंकड़ा महामारी शुरू होने के बाद से सबसे अधिक है. भारत दुनिया में पहला ऐसा देश बन गया है जहां लगातार दूसरे दिन कोरोना के तीन लाख से ज्यादा केस आए. बड़ी चिंता एक्टिव मरीजों (Active patients) की बढ़ती संख्या भी है जो अब बढ़कर 24 लाख 28 हजार 616 हो गई है. इसके साथ देश में कोरोना से रिकवरी रेट भी गिरकर 83.9% पर पहुंच गई है. बहरहाल देश में अब कुल कोरोना मरीजों (Total Corona Patients) की संख्या एक करोड़ 62 लाख 63 हजार 695 हो गई है और कुल मौतों की संख्या बढ़कर 1 लाख 86 हजार 920 हो गई है. वैक्सीनेशन की बात करें तो देश में अब तक 13 करोड़ 54 लाख 78 हजार 420 लोगों को टीका लग चुका है.