देश के मशहूर उद्योगपति रतन टाटा को भारत रत्न दिलाने के लिए सोशल मीडिया पर कई तरह के अभियान चलाए जा रहे हैं. बड़ी संख्या में लोग रतन टाटा के समर्थन में ट्वीट कर उन्हें भारत का सर्वोच्च नागरिक सम्मान देने की मांग कर रहे हैं. अब इस अभियान को लेकर खुद रतन टाटा ने ट्वीट करते हुए प्रतिक्रिया दी है. रतन टाटा ने अपने ट्वीट में लिखा- 'सोशल मीडिया पर लोगों के एक तबके द्वारा एक अवॉर्ड को लेकर व्यक्त की गई भावनाओं की मैं सराहना करता हूं, पर बेहद नम्रता के साथ अपील करता हूं कि ऐसे अभियान बंद कर दिए जाएं. मैं सिर्फ भारतीय होने पर ही गर्व महसूस करता हूं और भारत के विकास और समृद्धि में योगदान कर सकने पर खुद को भाग्यशाली मानता हूं.’