देश में कोरोना वैक्सीन (Covid Vaccine) की किल्लत को लेकर अब भी हाहाकार मचा हुआ है. तमाम राज्य वैक्सीन की कमी का दावा कर रहे हैं लेकिन केन्द्र सरकार ने एक बार फिर उनके दावों को नकार दिया है. केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय (Health Ministry) ने दावा किया है कि अभी भी राज्यों के पास 1.65 करोड़ डोज़ उपलब्ध हैं. जिसे करीब 9 राज्यों ने पूरा इस्तेमाल नहीं किया है. केन्द्र का दावा है कि इससे वैक्सीनेशन ड्राइव (Vccine Drive) की रफ्तार धीमी हुई.
हिंदुस्तान टाइम्स में छपी रिपोर्ट के मुताबिक, राजस्थान, पंजाब, केरल, छत्तीसगढ़, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, झारखंड, महाराष्ट्र और दिल्ली में वैक्सीन की ज्यादा सप्लाई की गई.
इसके अलावा, जागरुकता की कमी और लोगों में वैक्सीन के प्रति हिचकिचाहट को भी टीकाकरण के धीमा रहने की वजह बताया गया. आंकड़े के मुताबिक, दिल्ली ने 44 लाख डोज में से 24 लाख का इस्तेमाल किया. जबकि महाराष्ट्र ने 1 करोड़ 43 लाख खुराक में से 62 लाख का ही इस्तेमाल किया. वहीं, राजस्थान को 1 करोड़ 6 लाख खुराक दी गई, इसमें से सिर्फ 57 लाख का ही इस्तेमाल हुआ. छत्तीसगढ़ की बात करें तो राज्य 43 लाख खुराक में से 19 लाख का ही इस्तेमाल कर पाया. केन्द्र का दावा है कि ये राज्य, जनवरी, फरवरी और मार्च में केंद्र की ओर से टीकों की अच्छी खासी सप्लाई के बावजूद, अपनी आबादी के एक बड़े हिस्से को प्रभावी ढंग से टीका लगाने में विफल रहे।