मोदी सरकार के नए कृषि कानूनों के खिलाफ अब राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार जल्द नया विधेयक लाने की तैयारी में है. बता दें कि पंजाब विधानसभा ने मंगलवार को सर्वसम्मति से केंद्र सरकार के कृषि से जुड़े तीन कानूनों को निरस्त करने का प्रस्ताव पास किया है.
इसी को देखते हुए राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत ने कहा कि पंजाब की कांग्रेस सरकार ने इन कानूनों के खिलाफ बिल पारित किए हैं और अब राजस्थान भी जल्दी ऐसा ही करेगा.
गहलोत ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में हम किसानों के पक्ष में मजबूती से खड़े हैं. हमारी पार्टी किसान विरोधी कानून जो एनडीए सरकार ने बनाए हैं, उसका विरोध करती रहेगी. आपको बता दें कि कांग्रेस ने अपनी प्रदेश सरकारों से कहा था कि कृषि विधेयकों को खारिज करने के लिए वो कानून पर विचार करें.